रायपुर : नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाली 60वीं अखिल भारतीय डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस की सुरक्षा तैयारियों को लेकर सिविल लाइन स्थित सी-4 में अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में आईआईएम, नवीन विश्राम गृह, स्पीकर हाउस, एम-11 मंत्री बंगले सहित उन सभी स्थानों की सुरक्षा की समीक्षा की गई, जहाँ वीवीआईपी ठहरेंगे या कार्यक्रम होंगे।
यह भी पढ़े :- नारी शक्ति की बड़ी जीत: ब्लाइंड विमेंस T20 वर्ल्ड कप भारत के नाम, CM साय ने की प्रशंसा
रविवार को आयोजित इस बैठक में अधिकारियों को यह बताया गया कि ड्यूटी कैसे रहेगी, किसे क्या जिम्मेदारी सौंपी गई है और सुरक्षा प्रोटोकॉल में क्या-क्या महत्वपूर्ण बिंदु शामिल रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का प्रभारी एडीजी दीपांशु काबरा को बनाया गया है। उनके साथ 6 से अधिक आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात रहेंगे।
खुफिया चीफ अमित कुमार को डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस के संपूर्ण संचालन व निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में आईजी आनंद छाबड़ा, अंकित गर्ग, अमरेश मिश्रा, डॉ. संजीव शुक्ला, ध्रुव गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
अलग-अलग जिम्मेदारियां तय
अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं—
- आईजी आनंद छाबड़ा – भोजन व्यवस्था
- आईजी ओपी पाल – आवास व्यवस्था
- आईजी ध्रुव गुप्ता – कंट्रोल रूम
अन्य अधिकारियों को परिवहन व लॉजिस्टिक की जिम्मेदारी दी गई है।
जहाँ-जहाँ वीआईपी ठहरेंगे, वहाँ कमांडेंट या एसपी रैंक के अधिकारियों को सुरक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारियों की ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगेगी। आईआईएम में आईजी रैंक के अधिकारी तैनात रहेंगे।
ठहरने की व्यवस्था
प्रधानमंत्री एम-1, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री एम-11 में ठहरेंगे।
नवीन सर्किट हाउस में एनएसए अजीत डोभाल, डिप्टी एनएसए अनीश दयाल सिंह, आईबी चीफ तपन डेका, केंद्रीय गृह सचिव और दोनों केंद्रीय गृह राज्य मंत्रियों के लिए 6 सूइट और 22 कमरे बुक किए गए हैं।
ठाकुर प्यारेलाल संस्थान में 140, जबकि निमोरा अकादमी में 91 कमरे आरक्षित किए गए हैं। यहाँ 33 राज्यों से आने वाले डीजीपी, पैरामिलिट्री फोर्स के 20 डीजी/एडीजी सहित 75 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ठहरेंगे।



