Mandhana-Palash Wedding: सांगली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और मशहूर संगीतकार पलाश मुच्छल आज रविवार को विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। कुछ ही दिन पहले इस कपल ने सोशल मीडिया पर अपनी सगाई की घोषणा की थी, जिसके बाद से फैंस इस खास दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब महाराष्ट्र के सांगली में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वहीं इंदौर स्थित पलाश मुच्छल के परिवार और नजदीकी रिश्तेदारों को शादी के निमंत्रण भेजे जा चुके हैं।
सांगली में शादी से पहले के उत्सवों मेहंदी, हल्दी और संगीत की झलकें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। स्मृति की साथी खिलाड़ी और भारतीय महिला टीम की कई क्रिकेटर्स शादी के कार्यक्रमों में शामिल हुईं और जमकर मस्ती करती नजर आईं। परिवार की ओर से ‘लड़की वाले’ और ‘लड़के वाले’ टीम बनाकर खेले गए मजेदार गेम्स ने समारोह का आनंद और बढ़ा दिया।

हल्दी सेरेमनी में स्मृति पीले रंग के खूबसूरत शरारे में नजर आईं, जबकि पलाश पारंपरिक पीले कुर्ता-पायजामा में नजर आए। दोनों ने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर जमकर जश्न मनाया।
स्मृति और पलाश की प्रेम कहानी शांत और निजी अंदाज में करीब पांच वर्षों में विकसित हुई। दोनों की पहली मुलाकात मुंबई के एक निजी संगीत कार्यक्रम में हुई थी, जहां पलाश का एक अनरिलीज़्ड गीत सुनकर स्मृति काफी प्रभावित हुई थीं। बताया जाता है कि वर्ष 2019 में पलाश ने अपनी बहन और गायिका पलक मुच्छल की मौजूदगी में ही स्मृति को प्रपोज किया था। हालांकि दोनों ने साल 2024 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया।

पलाश का ‘SM18’ टैटू जिसमें स्मृति के नाम के शुरुआती अक्षर और उनकी जर्सी संख्या दर्ज है भी फैंस के बीच खासा चर्चा में रहा है। आज आयोजित विवाह समारोह में फिल्म और क्रिकेट जगत के कई दिग्गज सितारों की उपस्थिति की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पत्र लिखकर इस सेलिब्रिटी कपल को शादी की शुभकामनाएं दी हैं।
विवाह के बाद स्मृति और पलाश के मुंबई में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित करने की योजना है, जिसमें फिल्मी सितारों से लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।



