रायपुर । पूर्व सीएम भूपेश बघेल की उपसचिव रह चुकीं सौम्या चौरसिया की क्लासमेट के घर हुई डकैती मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक कुल 22 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस शेष फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामला कोरबा बालको थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़े :- NIT चौपाटी विवाद गरमाया: मूणत बनाम कांग्रेस, महापौर भी मैदान में
तराईडांड गांव में 14 नवंबर की रात करीब 1 बजे 15 से अधिक हथियारबंद डकैत शत्रुघ्न दास के घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। उन्होंने शत्रुघ्न दास और उनकी पत्नी की कनपटी पर बंदूक तानकर परिवार के 11 सदस्यों को बंधक बना लिया था। इसी दौरान डकैतों ने पूछा कि “सौम्या चौरसिया के 20-25 लाख रुपए कहां रखे हैं?”
डकैत डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए थे। जांच में पता चला कि शत्रुघ्न दास की बेटी रायपुर में सौम्या चौरसिया की सहपाठी रही है, इसी वजह से डकैतों ने उनके पैसों की जानकारी पूछी।
गिरफ्तारी पर परिजनों ने जताया विरोध
गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल मुलाइजा के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पकड़े गए लोग निर्दोष हैं और पुलिस उन्हें फंसा रही है। साथ ही बताया कि मारपीट भी की गई है।
हथियार व वाहन जब्त
ASP नीतिश ठाकुर ने बताया कि पाली थाना क्षेत्र से लक्ष्मीनारायण श्याम, विनोद कुमार सलाम और कटघोरा निवासी अक्षय कुमार पावले को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से हथियार और डकैती की रकम बरामद की गई है। तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इससे पहले पुलिस 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चार पहिया वाहन और हथियार जब्त कर चुकी है।



