रायपुर। राजधानी के जीई रोड स्थित एनआईटी के पास साइंस कॉलेज मैदान की चौपाटी को हटाने की कार्रवाई का विरोध तेज हो गया है। चौपाटी को हटाने के खिलाफ कांग्रेस नेता ने बीती रात से ही मोर्चा संभाल लिया और समर्थकों व दुकानदारों के साथ पूरी रात मौके पर धरने पर बैठे रहे।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक सुधार: सभी सरकारी दफ्तरों में AEBAS अनिवार्य, 1 दिसंबर से मंत्रालय में पूरी तरह लागू
आज सुबह जब पुलिस बल चौपाटी हटाने वाले अमले और जेसीबी मशीन के साथ पहुंचा, तो मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया। कांग्रेस नेता ने चौपाटी हटाने का विरोध करते हुए प्रशासन को खुली चुनौती दी और कहा कि “यह चौपाटी तभी हटेगी, जब यह जेसीबी मेरे ऊपर से गुजरेगी।” उनका आरोप है कि “एक नेता की जिद के कारण करीब 10 करोड़ रुपये का काम खत्म किया जा रहा है।”
इस दौरान स्थानीय विधायक राजेश मूणत के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। स्थिति बिगड़ने से पहले ही पुलिस ने मोर्चा सँभालते हुए समर्थकों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्था के बीच चौपाटी हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटा हुआ है, वहीं विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।



