दुर्ग। मसाज थेरेपी की आड़ में देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर दुर्ग पुलिस ने सुपेला चौकी और स्मृति नगर थाना क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों में कार्रवाई की। दबिश के दौरान दोनों स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं। जांच में पता चला कि एक स्पा बिना लाइसेंस के चल रहा था, जबकि दूसरे स्पा की संचालिका पर पहले भी पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है।
एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि अमन ढाबा के पास संचालित लविश फैमिली स्पा एंड सैलून और ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून में मसाज के नाम पर अवैध गतिविधियां चल रही हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने दोनों स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। जांच के दौरान स्पा संचालिका अहिल्या सागरवंशी (36), निवासी सिकोला भाठा, जयंती नगर दुर्ग और अंकुश ईखार (29), निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल को संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाया गया। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून बिना लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। वहीं, लविश फैमिली स्पा की संचालिका पर पूर्व में भी पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस ने कहा है कि शहर में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।



