रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 3 दिसंबर को होने वाले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे इंटरनेशनल मैच का क्रेज चरम पर पहुंच गया है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के ऑनलाइन टिकट शुक्रवार शाम 5 बजे बिक्री के लिए खुले और महज 15 मिनट में ही सभी टिकट बिक गए। बुकिंग शुरू होते ही वेबसाइट पर फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और सर्वर भी कुछ देर तक हैंग रहा।
टिकटों की कीमत इस प्रकार थी: सिल्वर ₹6000, गोल्ड ₹8000, प्लेटिनम ₹10,000 और कॉर्पोरेट बॉक्स ₹20,000। अब 24 नवंबर से स्टूडेंट्स के लिए ₹800 की स्पेशल टिकट इंडोर स्टेडियम में ऑफलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। आयोजक छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने बताया कि स्टेडियम की पूरी क्षमता के टिकट बिक चुके हैं और अब ब्लैक में टिकट बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खास बात यह है कि मैच जिस दिन है, उसी दिन 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस भी है। इस मौके पर संघ ने सैकड़ों दिव्यांग बच्चों को मुफ्त मैच दिखाने का फैसला किया है। इन बच्चों के लिए स्टेडियम में विशेष सीटें आरक्षित की गई हैं और आने-जाने के लिए निःशुल्क बस सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी।
रायपुर में अंतरराष्ट्रीय मैच के बाद दूसरी बार इतना जोरदार उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन और क्रिकेट संघ ने स्टेडियम के बाहर पार्किंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। फैंस का कहना है कि विराट कोहली, रोहित शर्मा और साउथ अफ्रीका के स्टार्स को लाइव देखने का यह सुनहरा मौका कोई नहीं छोड़ना चाहता। अब 3 दिसंबर को रायपुर का स्टेडियम नीला होकर “इंडिया-इंडिया” के नारों से गूंजने वाला है।



