T20 World Cup 2026 : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब लगभग ढाई महीने का समय बचा है, लेकिन आईसीसी की ओर से आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी। हालांकि, संभावित कार्यक्रम को लेकर जानकारी सामने आने लगी है।
यह भी पढ़े :- दुबई एयर शो में फाइटर जेट तेजस क्रैश, पायलट की मौत
रेवस्पोर्ट्ज की रिपोर्ट के अनुसार, मेजबान और मौजूदा चैंपियन टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ खेलेगी। वहीं, हाई-वोल्टेज भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी 2026 को आयोजित किया जा सकता है। यह मैच कोलंबो में खेले जाने की संभावना है।
टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। कोलंबो के दो स्टेडियमों में मैच कराए जाने की योजना है। हालांकि भारत-पाकिस्तान मैच किस मैदान पर होगा, इसका अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है।
इस बार भी टूर्नामेंट 2024 वाले प्रारूप में ही खेला जाएगा। 20 टीमों को 5-5 की चार ग्रुपों में बांटा जाएगा। संभावित शेड्यूल के मुताबिक, भारत, पाकिस्तान और अमेरिका एक ही ग्रुप में रह सकते हैं। पिछली बार भारत ने ग्रुप चरण में पाकिस्तान और अमेरिका दोनों को मात दी थी, जबकि पाकिस्तान को अमेरिका से अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था।
वेन्यू को लेकर स्थिति स्पष्ट है—पाकिस्तान टीम भारत में खेलने से इनकार कर चुकी है, इसलिए उसके सभी मैच श्रीलंका में होंगे। यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचता है तो वे मुकाबले भी श्रीलंका में ही कराए जाएंगे। इसी तरह, श्रीलंका के अंतिम-4 में पहुंचने पर उन्हें भी घरेलू लाभ मिलेगा। (T20 World Cup 2026)
यदि पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों सेमीफाइनल में नहीं पहुंचते, तो दोनों सेमीफाइनल भारत में खेले जाएंगे। फाइनल का आयोजन अहमदाबाद में होने की संभावना अधिक है, हालांकि इस पर अंतिम मुहर लगना अभी बाकी है। (T20 World Cup 2026)



