रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के किसानों को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 नवंबर को देशभर के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त ऑनलाइन जारी करेंगे। इस किश्त से छत्तीसगढ़ के 24 लाख 17 हजार 640 किसानों को उनके बैंक खातों में 494 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित होगी।
यह भी पढ़े :- मशरूम फैक्ट्री से 109 बाल मजदूर मुक्त, बच्चों ने बताई अमानवीय यातनाएं – 3-3 साल से थे कैद
राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन धमतरी में 19 नवंबर को किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। कार्यक्रम धमतरी के डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय स्कूल परिसर में दोपहर 12.30 बजे से प्रारंभ होगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस अवसर पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना 4-क के तहत 100 से अधिक आबादी वाले 780 बसाहटों को जोड़ने हेतु 2,242 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 2,442 किलोमीटर लंबी 774 सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे।
इसके साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत 17,357 स्व-सहायता समूहों को चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश निधि और बैंक क्रेडिट लिंकिंग निधि के 286 करोड़ रुपये का वितरण भी किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री चौहान वॉटरशेड कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रदेश स्तरीय वॉटरशेड महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके अतिरिक्त वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित भी करेंगे।



