रायपुर। रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बुधवार को निगम मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया।
आकाश तिवारी ने कहा कि सरकार भले ही हर पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास देने का दावा करती हो, लेकिन हकीकत में 800 से अधिक हितग्राहियों को आज तक योजना की एक भी किस्त नहीं मिली है। वहीं 1900 से ज्यादा लोगों की सूची में नाम होने तथा नक्शा पास होने के बावजूद वे अपना मकान नहीं बना पा रहे हैं। कई लोगों को पहली किस्त मिली, लेकिन दूसरी और तीसरी किस्त का इंतजार सालों से चल रहा है।
यह भी पढ़े :- 400 यूनिट हॉफ योजना लागू नहीं हुई तो CM हाउस घेरेंगे” – दीपक बैज का सरकार पर तीखा हमला
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया, “क्या यह आम जनता के साथ खिलवाड़ है या उनके हक को जानबूझकर छीना जा रहा है? विधानसभा चुनाव के दौरान BJP ने बड़े-बड़े वादे किए थे, DPR और नक्शा अप्रूवल दे दिया गया, लेकिन आज तक लोगों का घर नहीं बन पाया। यह सीधी-सपथ भ्रष्टाचार और मिलीभगत है या फिर कोई सुनियोजित षड्यंत्र – इसका जवाब सरकार दे।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आकाश तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सभी पात्र हितग्राहियों को किस्तें नहीं दी गईं तो कांग्रेस सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी।



