रायपुर। दिल्ली दौरे से लौटे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ सरकार पर बिजली बिल को लेकर बड़ा हमला किया है। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार ने 200 यूनिट बिल हाफ कर जनता के साथ दोबारा धोखा किया है, जबकि कांग्रेस की 400 यूनिट हॉफ योजना को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार बार बिजली दरें बढ़ाई गईं और स्मार्ट मीटर के नाम पर अतिरिक्त वसूली की जा रही है।
बैज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 30 नवंबर तक 400 यूनिट हॉफ बिजली बिल योजना बहाल नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। उन्होंने दावा किया कि कोयला सस्ता हो चुका है और उस पर लगाया जाने वाला सेस भी खत्म किया गया है, ऐसे में 400 यूनिट बिजली फ्री करना संभव है।
पीएम सूर्यघर योजना पर भी पीसीसी चीफ ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह योजना छत्तीसगढ़ में असफल है और सरकार इसे जबरन लागू करने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली में हुई बैठक का जिक्र करते हुए बैज ने बताया कि AICC की दो घंटे की महत्वपूर्ण बैठक में 12 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। SIR को लेकर कांग्रेस गंभीर है। उन्होंने कहा कि बिहार में वोटर लिस्ट में अनियमितताएं हुईं—चुनाव से पहले वोटर काटे गए और नए जोड़ दिए गए। इसके समाधान के रूप में घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करने की रणनीति बनाई गई है। जल्द ही सचिन पायलट प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर बैठकें लेंगे और कार्यकर्ताओं को “निगरानी का मूल मंत्र” देंगे।
जिलाध्यक्षों की सूची को लेकर बैज ने बताया कि छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना की लिस्ट तैयार है और जल्द जारी की जाएगी।
झीरम घाटी हमले के मास्टरमाइंड हिड़मा के मारे जाने पर बैज ने इसे बड़ी सफलता बताया, लेकिन साथ ही कहा कि झीरम की सच्चाई अभी भी सामने नहीं आई है और यह पूरा मामला एक राजनीतिक षड्यंत्र है।



