रायपुर। राजधानी की पुलिस कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब बुधवार सुबह एक कांस्टेबल का शव गमछे से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 17 महीने से बिना सूचना गायब (AWOL) चल रहे कांस्टेबल लक्ष्मीप्रसाद गबेल के रूप में हुई है। घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में उसने आत्महत्या की पूरी जिम्मेदारी खुद पर ली है।
यह भी पढ़े :- अंगारमोती परिसर गंगरेल में वन विभाग द्वारा बनाए जा रहे हर्बल गार्डन पर रोक लगाए जाने की मांग
घटना अमलीडीह पुलिस कॉलोनी के ठीक सामने वाले खाली प्लॉट की है। सुबह कॉलोनी वासियों ने शव देखकर हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव को नीचे उतारकर पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल गबेल लंबे समय से शराब की लत में डूबा हुआ था। पिछले 17 महीनों से वह पुलिस लाइन से लगातार अनुपस्थित था और विभागीय कार्रवाई का सामना कर रहा था। परिजनों और साथियों का कहना है कि शराब और नौकरी जाने का डर उसे लगातार परेशान कर रहा था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए सुसाइड नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।



