रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए एक बड़ी योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि 1 दिसंबर से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नई बिजली योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना का लाभ लगभग 42 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा।
योजना के तहत 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक हाफ बिल का लाभ मिलेगा। अर्थात्, 200 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले घरों का पूरा हाफ बिल माफ होगा, जबकि 200 से 400 यूनिट तक खपत करने वालों को 200 यूनिट तक हाफ बिल का लाभ मिलेगा। इस तरह, राज्य में 45 लाख घरेलू उपभोक्ताओं में से 42 लाख से अधिक उपभोक्ता इस योजना से सीधे लाभान्वित होंगे।
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में रूफटॉप सोलर की मांग तेजी से बढ़ रही है। अब तक 1 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और 12,000 से ज्यादा सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सोलर प्लांट स्थापना में समय लगने के कारण सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 1 दिसंबर से यह नई योजना शुरू की है।
साथ ही, उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य शासन की ओर से 1 किलोवॉट क्षमता वाले प्लांट पर 15,000 रुपये और 2 किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता वाले प्लांट पर 30,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। सीएम ने कहा कि इस पहल से प्रदेश हाफ बिजली से धीरे-धीरे फ्री बिजली की ओर बढ़ेगा, उपभोक्ताओं का बिजली बिल कम होगा और छत्तीसगढ़ ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा।



