रायपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही राज्य सरकार ने अवैध परिवहन पर नकेल कसने के लिए प्रदेशभर में सघन अभियान तेज कर दिया है। मार्कफेड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 1 से 16 नवंबर के बीच सीमावर्ती जिलों में कुल 19,320 क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया है। यह इस सीजन की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
सरकार ने अन्य राज्यों से धान की अनधिकृत आमद रोकने के लिए बॉर्डर चेकपोस्ट, विशेष टास्क फोर्स और मार्कफेड के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से 24×7 निगरानी व्यवस्था सक्रिय कर दी है।
शनिवार को कंट्रोल सिस्टम से अवैध परिवहन का अलर्ट मिलने के बाद कोंडागांव जिला टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 231.5 क्विंटल धान से भरे 600 बैग जब्त किए। वहीं ग्राम त्रिशूली में अशोक सिंह के मकान के बाहर बने शेड से 222 कट्टा धान बरामद किया गया।
किसानों के हितों की रक्षा प्राथमिकता
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध परिवहन पर सख्ती का उद्देश्य किसानों के हितों की सुरक्षा है। बाहरी राज्यों से धान की अवैध एंट्री बढ़ने पर खरीदी केंद्रों में भीड़ बढ़ती है और वास्तविक किसानों को नुकसान होता है। विभाग ने दो टूक कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान आने वाले दिनों में और कड़ा होगा।



