राजनांदगांव। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने शहर के एक किराए के फ्लैट से प्रीमियम ब्रांड की शराब का विशाल जखीरा बरामद किया है। जब्त शराब में रेड लेबल, ब्लैक लेबल, बुलडॉग और बडवाइज़र जैसी महंगी व हाई-एंड प्रीमियम ब्रांड की सैकड़ों बोतलें शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, बरामद शराब की मात्रा इतनी अधिक थी कि इसकी गिनती और श्रेणीकरण में काफी समय लग गया।
यह भी पढ़े :- समर्थन मूल्य पर खरीदी से पहले अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 19 हज़ार क्विंटल से ज्यादा जब्ती
आबकारी विभाग को लंबे समय से मिल रही सूचनाओं के आधार पर की गई इस छापेमारी में शहर के बीच स्थित एक फ्लैट से विभिन्न राज्यों की प्रीमियम शराब बरामद हुई। विभाग का कहना है कि राजनांदगांव के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में महंगे ब्रांड की अवैध शराब पकड़ी गई है, जो आमतौर पर रईसों और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में उपयोग की जाती है।
सूत्रों के मुताबिक फ्लैट में महाराष्ट्र राज्य की सैकड़ों बोतलें बिना लाइसेंस अवैध रूप से संग्रहित थीं। इन्हें सीमावर्ती क्षेत्रों से तस्करी कर शहर में बेचने की योजना बनाई जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में कुसुमलता झोले, एडीवो अनिल कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर दीपक गुप्ता, मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश सिंह और आरक्षक आर्यन ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जांच में पता चला कि फ्लैट जितेंद्र साहू के नाम पर है, जो आलीखुंटा तुमड़ीबोड़ का निवासी बताया जा रहा है। यहां लंबे समय से तस्करी और अवैध बिक्री के लिए शराब जमा की जा रही थी। विभाग ने सभी बोतलों को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आबकारी विभाग का कहना है कि शहर में अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी निगरानी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।



