IND A vs PAK A: दोहा। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 8 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ पाकिस्तान शाहीन्स ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। पाकिस्तान ने अपने पहले मुकाबले में ओमान को हराया था और अब भारत को हराकर अपनी लय बरकरार रखी है।
दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो उनके लिए काफी फायदेमंद रहा। भारतीय टीम की शुरुआत निराशाजनक रही और ओपनर प्रियांश आर्या केवल 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और नमन धीर ने दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, लेकिन नमन धीर 35 रन पर चलते बने।
वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में 45 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को संभाला, लेकिन मध्य क्रम लड़खड़ा गया। नेहाल वढेरा, जितेश शर्मा और आशुतोष शर्मा जैसे खिलाड़ी प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। अंत में हर्ष दूबे (19) और रमनदीप सिंह (11) ने कुछ रन जोड़े, लेकिन पूरी भारतीय टीम 19 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से शाहिद अजीज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि साद मसूद और माज सदाकत को 2-2 विकेट मिले।
137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद दमदार रही। ओपनर माज सदाकत और मोहम्मद नईम ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े। नईम 14 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सदाकत ने छोर संभाले रखा और 47 गेंदों में 79 रन की नाबाद पारी खेलते हुए भारत से मैच पूरी तरह छीन लिया। उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
सदाकत ने यासिर खान के साथ 39 रनों की साझेदारी और फिर मोहम्मद फैक के साथ नाबाद 43 रनों की साझेदारी कर पाकिस्तान को 13.2 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारत के लिए यश ठाकुर और सुयश शर्मा को एक-एक विकेट मिला, लेकिन गेंदबाज पाक बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे।



