रायपुर। राजधानी के कमल विहार क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां हिस्ट्रीशीटर लेडी बदमाश मोनिका सचदेवा और उसके गैंग ने दो छात्राओं और उनके भाई को फ्लैट में बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी महिला ने खुद को पुलिस की महिला SI बताकर धमकाया और गलत कार्य में फंसाने का भय दिखाते हुए पीड़ितों से 25 हजार रुपये जबरन वसूल लिए।
पीड़ित छात्राओं और युवक को गैंग ने पूरी रात बंधक बनाकर मारपीट की। घटना के बाद पीड़ितों ने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें डकैती और छेड़छाड़ सहित कई गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोनिका सचदेवा सहित गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मोनिका का भाई मोनू सचदेवा और आरोपी करण साहू अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मामले ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



