रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल जहां-जहां चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं, वहां-वहां राजनीतिक उथल-पुथल या बगावत जैसी स्थिति बन जाती है, यह देश की जनता देख चुकी है।
मीडिया से चर्चा में ओपी चौधरी ने कहा कि देशभर की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन, उनके अनथक परिश्रम और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण को निरंतर समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र से लेकर बिहार तक, हर जगह मोदी के नेतृत्व को जनता भारी जनादेश दे रही है।
ओपी चौधरी ने बिहार में नीतीश कुमार की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य में जंगलराज खत्म कर सुशासन स्थापित किया है। इसी वजह से मोदी और नीतीश की जोड़ी को बिहार की जनता ने बड़ा आशीर्वाद दिया है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि अब पूरा देश समझ चुका है कि कांग्रेस “डूबती नाव” बन चुकी है। परिवारवाद को बचाने और एक ही परिवार के हितों को साधने के लिए पार्टी को पूरी तरह झोंक दिया गया है। उनका कहना था कि कांग्रेस के नेता भी भीतरखाने इससे बेहद नाखुश और निराश हैं।
ओपी चौधरी ने कहा कि भूपेश बघेल विपक्ष की भूमिका निभाते हुए आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं, लेकिन यह सिर्फ राजनीतिक ब्लेमगेम से ज्यादा कुछ नहीं है।



