Gwalior Road Accident : मध्य प्रदेश के ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा मालवा कॉलेज के पास हुआ, जो शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह लगभग 6:35 बजे हुई। फॉर्च्यूनर (MP07 CG 9006) झांसी से ग्वालियर की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि एक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधा आगे चल रही रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि एसयूवी ट्रॉली के नीचे फंस गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। प्रारंभिक जांच में गाड़ी की रफ्तार करीब 120 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है।
पुलिस ने काटकर निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह दब जाने के कारण पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से कटर मशीन की सहायता से वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया, लेकिन पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू किया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। (Gwalior Road Accident)
मौके पर ही 5 युवकों की मौत
मृतकों में एक की पहचान आदित्यपुरम निवासी श्रीकृष्ण राजावत के रूप में हुई है। बाकी चार युवक भी ग्वालियर के ही रहने वाले थे। सभी झांसी में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। कार के अंदर शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजेबल ग्लास मिलने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हादसे के दौरान शराब का सेवन किया गया हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी। (Gwalior Road Accident)



