रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में ईवीएम में कथित गड़बड़ी के कांग्रेस के आरोपों पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता चुनाव में काम नहीं करते और हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ते हैं, लेकिन जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया। कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाई, फिर भी नेता प्रतिपक्ष बने बैठे हैं। पूर्व सीएम भूपेश बघेल को भी सोचना चाहिए कि उन्होंने संस्थाओं को बर्बाद और बदनाम किया। जहां कांग्रेस की जीत हुई, वहां ईवीएम ठीक कैसे हो गई?
धान खरीदी पर शर्मा ने बताया कि इस बार 1 लाख अतिरिक्त किसानों ने पंजीयन कराया है और रकबा भी बढ़ा है। सरकार सभी किसानों का धान खरीदेगी। एग्रीस्टेक के जरिए पंजीयन जारी है, लेकिन जहां धान नहीं होगा, वहां पंजीयन रोका जाएगा।
वीरेन्द्र तोमर की गिरफ्तारी और करणी सेना के प्रदर्शन की चेतावनी पर डिप्टी सीएम ने कहा कि कोई सामाजिक संस्था अच्छे काम के लिए होती है, अपराधियों के समर्थन के लिए नहीं। अपराधी तो अपराधी है, चाहे किसी भी संस्था से जुड़ा हो। अगर अपराधी संस्था से जुड़े हैं, तो उस पर सवाल उठना लाजमी है। छत्तीसगढ़ में गड़बड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, सख्त कार्रवाई होगी।



