बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सतनामी समाज को अपमानजनक शब्द कहने पर तखतपुर पुलिस ने कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को गिरफ्तार कर लिया है। कथावाचन के दौरान उन्होंने सतनामी समाज को मूर्ख और गाय काटने वाला समाज कहकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद मामला तेजी से भड़क गया।
11 नवंबर को तखतपुर के टिकरी पारा में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान दिए गए इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद सतनामी समाज के लोग बड़ी संख्या में तखतपुर थाने पहुंचे और घेराव कर गिरफ्तारी की मांग की। समाज ने आरोप लगाया कि व्यासपीठ से ऐसी टिप्पणी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज में विभाजन फैलाने का प्रयास है।
विरोध बढ़ने पर पुलिस ने आशुतोष चैतन्य के खिलाफ FIR दर्ज की और 15 नवंबर को कथा स्थल से ही उन्हें हिरासत में ले लिया। बढ़ते तनाव को देखते हुए टिकरी पारा में कथा स्थल पर सुरक्षा बढ़ाई गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
समाज के नेताओं ने चेतावनी दी थी कि गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन उग्र स्वरूप ले सकता था। पुलिस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है।



