रायपुर। शहरवासियों के लिए आज पानी की समस्या का अलर्ट जारी किया गया है। नगर निगम जोन 9 के अवतिविहार ओवरहेड टैंक में शुक्रवार को डिस्ट्रीब्यूशन वाल्व बदलने का अहम कार्य किया जाएगा। इसके चलते महर्षि वाल्मिकी वार्ड और नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड में जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
जल विभाग के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि टैंक में अब तक केवल सिंगल डिस्ट्रीब्यूशन वाल्व लगा था, जिससे किसी भी तकनीकी खराबी या जाम होने की स्थिति में पूरी टंकी को खाली करना पड़ता है। इस कारण लाखों लीटर शुद्ध पीने का पानी सड़क पर बहाने के अलावा कोई विकल्प नहीं रहता।
अब जोन स्तर पर वाल्व को डबल वाल्व में अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि भविष्य में अचानक खराबी होने पर पानी की आपूर्ति बाधित न हो। कार्य पूरा होने के बाद शनिवार की सुबह से दोनों वार्डों में जल आपूर्ति पूरी तरह बहाल हो जाएगी।
शहरभर में 43 नई और पुरानी पानी टंकियां स्थापित हैं, लेकिन इनमें से केवल 5 टंकियों में ही डबल वाल्व है। शेष 39 टंकियों में सिंगल वाल्व होने के कारण बड़ी मात्रा में पानी फिजूल बह जाता है। इसे देखते हुए जल विभाग ने सभी टंकियों में डबल वाल्व लगाने के लिए 2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा है।



