रायपुर : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नंदिनी नगर के ननकट्ठी इलाके में देर रात बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे 7–8 बदमाशों की पूरी प्लानिंग एक पड़ोसी की सतर्कता से नाकाम हो गई। बदमाश ATM मशीन को उखाड़कर मेटाडोर में लाद चुके थे, लेकिन घर के बाहर हलचल देख पड़ोसी के जाग जाने पर पूरी गैंग मौके से बिना मशीन और मेटाडोर लिए ही भाग निकली।
यह भी पढ़े :- Video Call पर शादी, ब्लकमेल फिर रेप…. सोशल मीडिया पर नाबालिग से दोस्ती के बाद हुई हैवानियत, आरोपी गिरफ्तार
CCTV पर केमिकल स्प्रे कर कैमरे किए फेल
जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब ढाई बजे शुरू हुई। बदमाश एक टाटा मेटाडोर (CG 07 AV 1310) लेकर ATM बूथ पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने बूथ में लगे CCTV कैमरों पर केमिकल स्प्रे किया, जिससे सभी कैमरे बंद हो गए और रिकॉर्डिंग ठप हो गई। यह तरीका अक्सर संगठित चोरी करने वाले गैंग उपयोग करते हैं।
ATM को गैस कटर से काटकर गाड़ी में लाद दिया
CCTV निष्क्रिय करने के बाद बदमाशों ने गैस कटर और औजारों से ATM मशीन को उखाड़ लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बदमाशों ने मशीन को मेटाडोर में लोड भी कर दिया था और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दे दिया।
पड़ोसी ने शोर सुना, बदमाश घबराकर भागे
घटना तब पलटी जब पास के घर का परिवार आवाज़ सुनकर उठ गया।
जब वे बाहर आए तो देखा कि ATM बूथ का शटर खुला है और कुछ लोग मेटाडोर में मशीन रख रहे हैं। पड़ोसी द्वारा शोर मचाते ही बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई और वे ATM व गाड़ी दोनों वहीं छोड़कर अंधेरे में फरार हो गए।
कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
मौके पर पुलिस, आसपास के फुटेज खंगालने शुरू
सूचना मिलते ही नंदिनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
ATM बूथ, सड़क और आसपास मकानों में लगे कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। मशीन को उखाड़ने में उपयोग औजारों और अन्य सबूतों को भी जब्त किया गया है।
मेटाडोर भी चोरी की निकली
जांच में सामने आया कि बदमाशों द्वारा उपयोग की गई मेटाडोर पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी से कुछ दिन पहले चोरी की गई थी। टीआई पारस ठाकुर ने बताया कि गैंग पुलिस को भ्रमित करने के लिए चोरी की गाड़ी का इस्तेमाल करता है।
अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज, आरोपियों की पहचान जल्द
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज, फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान जल्द की जाएगी।



