Govinda Health Update: मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की अचानक तबीयत बिगड़ने और बेहोश होकर अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने पिछले दिनों उनके फैंस को काफी परेशान कर दिया था। अब उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने अपने नए यूट्यूब व्लॉग के जरिए न सिर्फ उनकी हेल्थ पर बड़ा अपडेट दिया, बल्कि उन अफवाहों पर भी विराम लगा दिया जो इंटरनेट पर फैल रही थीं।
सुनीता ने बताया कि जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन गोविंदा अपनी आने वाली फिल्म ‘दुनियादारी’ की तैयारी कर रहे थे। लगातार शूटिंग की प्लानिंग और काम के दबाव के बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। फौरन उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया।
सुनीता ने बताया कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि गोविंदा अधिक एक्सरसाइज करने के कारण बेहोश हुए, लेकिन उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा, यह सच नहीं है। वह अब बिल्कुल ठीक हैं और चिंता की कोई बात नहीं। डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया है और वह घर पर आराम कर रहे हैं।
पंडित विवाद पर सुनीता की सफाई
हाल ही में सुनीता आहूजा एक पॉडकास्ट में अपने निजी अनुभव साझा करते हुए “धोखेबाज पंडित” शब्द के कारण विवादों में आ गई थीं। बाद में गोविंदा ने सार्वजनिक रूप से पंडित समुदाय से माफी मांगी।
इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सुनीता ने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से समझा गया। उनका किसी को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा, मैंने किसी का नाम नहीं लिया था। मैं केवल अपना अनुभव बता रही थी। अगर मेरे शब्दों से किसी को दुख पहुंचा है, तो मैं सभी पंडितों से माफी मांगती हूँ। लेकिन गोविंदा को मेरी वजह से माफी मांगनी पड़े, यह सही नहीं लगा।
तलाक की अफवाहों पर भी जताई नाराजगी
पिछले कुछ समय से मीडिया में गोविंदा और सुनीता के तलाक की अफवाहें भी चर्चा में हैं। इस पर सुनीता ने सीधे प्रतिक्रिया भले नहीं दी, लेकिन इतना जरूर कहा कि परिवार से जुड़े मसलों को बिना वजह बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है।



