Bihar Assembly Elections 2025: रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत पर छत्तीसगढ़ भाजपा में उत्साह का माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, साथ ही अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव परिणामों को बिहार की जनता द्वारा सुशासन और विकास पर विश्वास जताने का ऐतिहासिक जनादेश बताया।
सुशासन, विकास और सौहार्द्रता पर बिहार की जनता ने अपनी मुहर लगाई है : देव
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बिहार विधानसभा चुनावों में भाजपानीत एनडीए की शानदार जीत को बिहार के सुशासन मॉडल की ऐतिहासिक जीत कहा है। बिहार के नतीजे डबल इंजन की सरकार के पिछले 20 वर्षों के कार्यकाल में वहां का जो विकास और सुशासन की व्यवस्था और भयमुक्त वातावरण की ओर इंगित करते हैं। सुशासन, विकास और सौहार्द्रता पर बिहार की जनता ने अपनी मुहर लगाई है, डबल इंजन की सरकार पर उसने विश्वास व्यक्त किया है, सरकार के द्वारा किए गए विकास पर विश्वास किया है।
सुरक्षा, शुचितापूर्ण राजनीति, युवा पीढ़ी के भविष्य के निर्माण के लिए ऐतिहासिक जनादेश : पाण्डेय
भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडे ने कहा कि बिहार की जीत आम जनता का एनडीए को आशीर्वाद है। बिहार की सुरक्षा के लिए, बिहार में शुचितापूर्ण राजनीति के लिए, बिहार में युवा पीढ़ी के भविष्य के निर्माण के लिए यह ऐतिहासिक जनादेश है। एक तरफ जंगलराज, लूटपाट, सब प्रकार से असुरक्षा की भावना, माता एवं बहनों के साथ जो अत्याचार किए गए, यह जनादेश उस राजनीतिक दुष्प्रवृत्ति को माकूल जवाब है, सदाचार की शुरुआत है।
ये नतीजे बिहार में मोदी मैजिक की प्रामाणिकता सिद्ध कर रहे हैं : जम्वाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने बिहार के चुनाव नतीजों पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ये नतीजे बिहार में मोदी मैजिक की प्रामाणिकता सिद्ध कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं के अनथक परिश्रम और ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ की रणनीति की सफलता है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में बिहार में पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान सम्हालकर जो कड़ी मेहनत की और बिहार में भाजपानीत राजग की ऐतिहासिक जीत की बुनियाद रखी।
यह जीत बिहार की जनता की आकांक्षाओं की जीत है : साय
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने बिहार चुनावों में यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और नीतियों के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक रणनीति पर जनता-जनार्दन की मुहर है। यह जीत बिहार की जनता की आकांक्षाओं की जीत है।
बिहार की जनता ने तमाम हथकंडों को धता बताते हुए विकास और सुशासन पर भरोसा किया : साव
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बिहार के चुनाव नतीजे बहुत ही ऐतिहासिक परिणाम हैं। बिहार की जनता ने सारे प्रकार के हथकंडों को धता बताते हुए विकास और सुशासन पर भरोसा किया है, डबल इंजन की सरकार पर भरोसा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए पर भरोसा किया है। यह चुनाव परिणाम बहुत ऐतिहासिक है विकास और सुशासन के लिए बिहार की जनता ने जो जनादेश दिया है, उससे देश की राजनीति को एक नई दिशा मिलेगी और प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार एक बार फिर आगे बढ़ेगा।
बिहार की जनता ने विकास का साथ देकर सुशासन के साथ खड़े होने का फैसला लिया : शर्मा
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एवं पार्टी पदाधिकारी सहित आम जन को शुभकामनाएँ और बधाई दी है। बिहार की जनता ने उचित समय में उचित निर्णय लिया है। बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास का साथ दिया है और सुशासन के साथ खड़े होने का फैसला लिया है।
महागठबंधन को जनता ने महठगबंधन करार दिया है : चौधरी
बिहार में एनडीए की शानदार जीत पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह एनडीए की जीत नहीं, आंधी और सुनामी भी है। एनडीए को बिहार की जनता ने आशीर्वाद दिया है। एनडीए विकसित भारत की नींव डाल रहा है। जनता समझ रही हैं भाजपा और सहयोगियों की सरकार बेहतर हैं। भाजपा और एनडीए को आशीर्वाद मिल रहा है। वहां सुशासन स्थापित किया जा रहा हैं। कांग्रेस के वोट चोरी वाले अभियान को लेकर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा- कांग्रेस डूबती नाव हैं, महागठबंधन को जनता ने महठगबंधन करार दिया है। उनकी पार्टी में के लोग जान बचाने इधर उधर भाग रहे हैं। इन्हें देश की जनता सबक सिखा रही है। जनता के बीच ये लोग नकारात्मक एजेंडा लेकर जाते हैं, अनर्गल आरोप लगाते हैं, जिसका जवाब जनता दे रही हैं।



