KKR : नई दिल्ली। कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने IPL 2026 में चौथी बार चैंपियन बनने की मजबूत दावेदारी पेश करते हुए ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वॉटसन को सहायक कोच नियुक्त किया है। 59 टेस्ट, 190 वनडे और 58 T20I में 10,000+ रन व 280+ विकेट लेने वाले वॉटसन 2007 और 2015 वनडे वर्ल्ड कप विजेता रहे हैं। IPL में 12 साल (2008-2020) खेलते हुए 145 मैचों में चार शतक ठोके। हेड कोच अभिषेक नायर के साथ वॉटसन की जोड़ी KKR को नई रणनीति और T20 विशेषज्ञता देने वाली है।
KKR के CEO वेंकी मैसूर ने उत्साह जताते हुए कहा, “शेन वॉटसन का KKR परिवार में स्वागत है। विश्व स्तरीय खिलाड़ी और कोच के रूप में उनका अनुभव टीम को मैदान के अंदर-बाहर मजबूती देगा। T20 फॉर्मेट में उनकी समझ बेजोड़ है और हम कोलकाता में एक और खिताब लाने के लिए उनके योगदान पर भरोसा कर रहे हैं।” वॉटसन ने जवाब में कहा, KKR जैसी आइकॉनिक फ्रेंचाइजी से जुड़ना सम्मान की बात है। फैंस का जुनून और टीम की सफलता की भूख हमेशा प्रेरित करती रही है। कोचिंग ग्रुप व खिलाड़ियों के साथ मिलकर कोलकाता में चौथी ट्रॉफी लाने को बेताब हूं।
KKR ने अब तक IPL 2012, 2014 और 2024 में खिताब जीते हैं, जबकि 2021 में रनर-अप रही। अब हेड कोच अभिषेक नायर और सहायक कोच शेन वॉटसन की जिम्मेदारी होगी कि वे टीम को चौथी बार आईपीएल ट्रॉफी दिलाएंगे।



