रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सोनगुड़ा पंचायत अंतर्गत तराईडांड बस्ती में बीती रात हथियारबंद डकैतों ने एक घर पर धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े :- दिल्ली ब्लास्ट में मारा गया आतंकी डॉक्टर उमर, DNA टेस्ट से हुई पुष्टि
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1:30 बजे की है, जब गांव के निवासी शत्रुघ्न दास के घर में दो दर्जन से अधिक बदमाशों का गिरोह घुस आया। डकैतों ने घर में घुसते ही परिवार के सभी सदस्यों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और उन्हें धमकाया।
भय के माहौल में कोई विरोध नहीं कर सका। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे लगभग 1.50 लाख रुपये नगद और करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
परिवार के लोगों ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन डकैतों ने उन्हें धमकाकर चुप करा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।



