CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में लॉजिस्टिक्स सेक्टर ने आज एक ऐतिहासिक मील का पत्थर पार किया है। नवा रायपुर स्थित मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (MMLP) से कुल 12,000 मीट्रिक टन कॉपर कॉन्सन्ट्रेट का पहला निर्यात कंसाइनमेंट चीन के लिए रवाना किया गया। इस श्रृंखला की पहली खेप 2,200 मीट्रिक टन की रही, जिसे विशाखापट्टनम पोर्ट के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भेजा जाएगा।
मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क अत्याधुनिक कार्गो हैंडलिंग सिस्टम, रेल कनेक्टिविटी और मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन से सुसज्जित है। यह सुविधा मध्य भारत के औद्योगिक और व्यापारिक विकास को वैश्विक स्तर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभा रही है। राज्य के खनिज और उद्योग आधारित उत्पादन को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का यह कदम छत्तीसगढ़ की आर्थिक प्रासंगिकता को और मजबूती प्रदान करता है।
राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ राज्य लॉजिस्टिक्स नीति 2025’ लागू की है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी लॉजिस्टिक्स हब बनाना है। नीति में आधुनिक मल्टीमॉडल अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स लागत में कमी, निर्यात संवर्द्धन और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर जोर दिया गया है। लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग और कोल्ड स्टोरेज परियोजनाओं के लिए प्रोत्साहन भी दिए जा रहे हैं, जिससे संतुलित क्षेत्रीय विकास और स्थायित्व सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, नवा रायपुर MMLP से राज्य के सबसे बड़े कॉपर कॉन्सन्ट्रेट निर्यात का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ को हम लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक शक्ति के रूप में विकसित करेंगे। नीतिगत सुधार, रणनीतिक अवसंरचना और उद्योगों के आत्मविश्वास के समन्वय से छत्तीसगढ़ न केवल मध्य भारत को वैश्विक वैल्यू चेन से जोड़ रहा है, बल्कि लॉजिस्टिक्स आधारित विकास के नए युग को भी परिभाषित कर रहा है।



