CG News : रायपुर। पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशे के कारोबार पर लगातार नकेल कसने के प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में थाना आजाद चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गांजा की बिक्री की फिराक में पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से कुल 2.545 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 20,000 रुपये आंकी गई है, जप्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली कि भीम नगर स्थित धोबी तालाब के पास दो व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना आजाद चौक पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अब्दुल यासिन (19 वर्ष) निवासी ईदगाहभाठा, थाना आजाद चौक और शेख अमान (25 वर्ष) निवासी संजय नगर, थाना टिकरापारा बताया।
दोनों के थैलों की तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 335/25 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे के इस नेटवर्क में जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।



