सूरजपुर। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा प्रेमनगर के अनुविभागीय अधिकारी ऋषिकांत तिवारी को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अम्बिकापुर की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी के घर से 2 लाख 27 हजार रुपये नकद, सोना-चांदी के आभूषण, जमीन के दस्तावेज, बैंक व बीमा कागजात भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापाराखुर्द निवासी डिसम्बर सिंह ने ACB में शिकायत की थी कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत उसने अपनी भूमि पर तालाब का निर्माण कराया था। इस कार्य का भौतिक सत्यापन और रिपोर्ट तैयार करने के एवज में अनुविभागीय अधिकारी ऋषिकांत तिवारी ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और 12 नवंबर 2025 को आरोपी को अपने निवास पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
इसके बाद आरोपी के अम्बिकापुर स्थित घर की तलाशी ली गई, जहां से 2.27 लाख रुपये नकद, सोना-चांदी के जेवर, जमीन व बैंक दस्तावेज बरामद हुए। प्राथमिक जांच में यह राशि हितग्राहियों से अवैध वसूली की पाई गई है।
आरोपी के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।



