CG News : रायपुर। खमतराई थाना पुलिस ने पिछले छह माह से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी संदीप कुमार कश्यप को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर आरोप है कि उसने भूटानी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मैनेजर पद पर रहते हुए करीब 15 लाख रुपये का गबन किया था।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिवम भूटानी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 447/2025 धारा 316(3), 318(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, भूटानी इंटरनेशनल प्रा. लि. स्वच्छता और हाईजीन क्षेत्र में कार्यरत एक कंपनी है, जिसका मुख्य कार्यालय दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित संत नगर में है, जबकि रायपुर में इसका ब्रांच गोवर्धन नगर, उरकुरा में संचालित होता है। आरोपी संदीप कुमार कश्यप, वर्ष 2021 में दिल्ली से रायपुर ट्रांसफर होकर आया था और मई 2025 तक कंपनी में मैनेजर के रूप में कार्यरत था।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने अपने कार्यकाल के दौरान कंपनी से मिलने वाले माल की बिक्री का भुगतान सीधे अपने बैंक अकाउंट और पेटीएम के माध्यम से ग्राहकों से वसूला, लेकिन उसे कंपनी के खाते में जमा नहीं किया। उसने यह रकम स्वयं के व्यवसाय में निवेश कर ली। इस प्रकार कंपनी को करीब 15 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई।
कंपनी प्रबंधन द्वारा दी गई शिकायत पर पुलिस ने विस्तृत जांच की, बैंक खातों के स्टेटमेंट जुटाए और आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। आखिरकार आरोपी के कैलाश नगर, बीरगांव (रायपुर) में छिपे होने की सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी संदीप कुमार कश्यप पिता बृजमोहन सिंह कश्यप (40 वर्ष), मूल निवासी सदराना बस स्टैंड, कहारान मोहल्ला, थाना सरधना, जिला मेरठ (उ.प्र.) है। वर्तमान में वह भूटानी इंटरनेशनल प्रा. लि. रायपुर ब्रांच, उरकुरा में निवास कर रहा था।
खमतराई पुलिस ने आरोपी को 13 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।



