रायपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तीन साल पुरानी सनसनीखेज वारदात का पटाक्षेप! सोशल मीडिया पर झांसे में फंसाकर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से वर्चुअल शादी रचाई, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और दोस्त को भेजकर दुष्कर्म करवाया। मुख्य आरोपी कुंदन राज तो 2022 में पटना से पकड़ा गया था, लेकिन उसका साथी दिलीप चौहान पुलिस को चकमा देता रहा।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में सड़क किनारे लावारिस मिला नवजात शिशु का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
अब जशपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने मुखबिर और साइबर ट्रैकिंग की बदौलत कुनकुरी से 29 वर्षीय दिलीप को दबोच लिया। पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के सामने शिनाख्त की, आरोपी ने गुनाह कबूल किया और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया!
घटना की भयावह शुरुआत:
2021 में बिहार के पटना निवासी कुंदन राज ने लड़की की डीपी देखकर संपर्क साधा। खुद को हैंडसम बताकर दोस्ती का जाल बुनना शुरू किया। मना करने पर कटे हाथ की फोटो भेजकर सहानुभूति बटोरी और वीडियो कॉल पर उतारा। प्यार-शादी का लालच देकर मोबाइल पर ‘वर्चुअल सुहागरात’ मनवाई, अश्लील वीडियो कैद किए। इनकार पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। फिर हैवानियत की हद पार: “मैं दूर हूं, मेरे दोस्त को भेज रहा हूं – उसके साथ संबंध बनाओ, मैं लाइव देखूंगा!” घरवालों-सहेलियों के नंबर की धमकी से डरी लड़की मान गई। अक्टूबर 2021 में फर्जी नाम ‘दीपक यादव’ से दिलीप चौहान दुलदुला थाना क्षेत्र पहुंचा और कुंदन के वीडियो कॉल पर दुष्कर्म को अंजाम दिया। बाद में वीडियो बहन को भेजकर लोकलाज का डर दिखाया।
पीड़िता की हिम्मत और पुलिस की मुहिम:
लोकलाज से चुप रहने को मजबूर लड़की ने आखिरकार बहन के साथ 9 अप्रैल 2022 को दुलदुला थाने में शिकायत दर्ज कराई। तुरंत FIR हुई, कुंदन को पटना से गिरफ्तार कर जेल भेजा। पूछताछ में दिलीप का नाम खुला, जो दुलदुला का ही रहने वाला था। फरार दिलीप गोवा भागा, लेकिन पुलिस की टीम वहां पहुंची तो चकमा देकर फरार। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में स्पेशल टीम, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से लगातार ट्रैकिंग। आखिर बुधवार सुबह कुनकुरी में दबिश – गिरफ्तारी!
एसएसपी की सख्त चेतावनी: “
यह जघन्य अपराध है! महिलाओं-बच्चों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस। सोशल मीडिया पर अजनबियों से दोस्ती जिंदगी बर्बाद कर सकती है – सावधानी बरतें!” पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू करने का ऐलान किया, स्कूलों में कार्यक्रम होंगे। पीड़िता को काउंसिलिंग और सुरक्षा मुहैया। विशेषज्ञ बोले: नाबालिगों को ऑनलाइन स्ट्रेंजर्स से दूर रखें, साइबर क्राइम का दुरुपयोग रोके जशपुर पुलिस!



