नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को हुए कार धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जांच एजेंसियां इस ब्लास्ट के तार आतंकियों से जुड़ने की संभावना जता रही हैं। इसी बीच केंद्र सरकार ने आज बुधवार को कैबिनेट की सुरक्षा मामलों की समिति (CCS) की अहम बैठक बुलाई है।
यह भी पढ़े :- घर में अचानक बेहोश हुए एक्टर गोविंदा, अस्पताल में भर्ती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो फिलहाल भूटान दौरे पर हैं, के लौटने के बाद यह बैठक आयोजित की जाएगी। पीएम मोदी इसकी अध्यक्षता करेंगे। बैठक में दिल्ली धमाके की जांच की स्थिति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अगले कदमों पर चर्चा होने की संभावना है।
पहलगाम हमले के बाद भी हुई थी ऐसी बैठक
यह बैठक ऐसे समय में बुलाई गई है जब ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद यह पहली CCS मीटिंग होगी। इससे पहले 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भी कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की बैठक हुई थी, जिसके कुछ दिनों बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान पर कूटनीतिक प्रहार (डिप्लोमैटिक स्ट्राइक) किया था।
क्यों बढ़ी ‘ऑपरेशन सिंदूर पार्ट-2’ की चर्चा
अब एक बार फिर चर्चा तेज है कि क्या सरकार ‘ऑपरेशन सिंदूर पार्ट-2’ की शुरुआत कर सकती है।
सरकार पहले ही यह स्पष्ट कर चुकी है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, और यदि पाकिस्तान की ओर से किसी आतंकी साजिश का पता चला तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
केंद्र सरकार ने यह भी दोहराया है कि –
“किसी भी आतंकी हमले को एक्ट ऑफ टेरर नहीं, बल्कि एक्ट ऑफ वॉर माना जाएगा।”
इसलिए यह संभावना प्रबल हो गई है कि भारत फिर से पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई कर सकता है।
फिदायीन हमले की अभी पुष्टि नहीं
जांच एजेंसियों ने अब तक दिल्ली धमाके को फिदायीन हमला नहीं बताया है, लेकिन दो पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल के बीच कनेक्शन सामने आए हैं। जांच में एक मॉड्यूल के जरिए जैश-ए-मोहम्मद से संबंधों की भी बात सामने आई है।
उधर, भारत की संभावित जवाबी कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है।
पाकिस्तान में मचा डर, भारत पर लगाए आरोप
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बयान दिया है कि उनका देश “इस वक्त युद्ध की स्थिति में है।” हालांकि यह बयान इस्लामाबाद कोर्ट परिसर में हुए आत्मघाती हमले के संदर्भ में आया, लेकिन पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इन धमाकों के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया है। विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान की यह प्रतिक्रिया उसकी घबराहट और संभावित भारतीय कार्रवाई के डर को दर्शाती है।
भारत ने पाक के आरोपों को बताया निराधार
भारत सरकार ने पाकिस्तान के इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा –
“भारत, पाकिस्तान के नेतृत्व द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को दृढ़ता से खारिज करता है। पड़ोसी देश में चल रहे सैन्य-प्रेरित संवैधानिक संकट और सत्ता संघर्ष से ध्यान भटकाने के लिए पाकिस्तान भारत पर झूठे आरोप लगा रहा है।”
फास्ट फैक्ट्स | कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS)
अध्यक्ष: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
सदस्य: रक्षा मंत्री, गृह मंत्री, विदेश मंत्री, वित्त मंत्री
मुख्य जिम्मेदारी: राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा नीति पर उच्चस्तरीय निर्णय
पिछला बड़ा निर्णय: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई




