रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बिहार में एनडीए गठबंधन भारी बहुमत से सरकार बना रही है। रायपुर स्थित निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि विभिन्न एग्जिट पोल में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है, जिससे स्पष्ट है कि बिहार की जनता ने सुशासन और विकास को चुना है।
साव ने कहा कि “बिहार की जनता ने जंगलराज को नकार कर स्थिर सरकार को प्राथमिकता दी है। एक बार फिर डबल इंजन की सरकार के विकास मॉडल पर जनता ने भरोसा जताया है।”
कांग्रेस को महतारी वंदन योजना से हो रही तकलीफ : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि “महतारी को हर महीने 500 रुपए देने का वादा कांग्रेस ने किया था, लेकिन पूरे पांच साल में एक भी किस्त नहीं दे पाई।”
उन्होंने कहा कि “विष्णु देव साय सरकार माताओं-बहनों को अब तक 21 किस्त दे चुकी है। इसके बावजूद कांग्रेस सवाल उठा रही है, जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है।”
साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को ‘महतारी वंदन योजना’ से परेशानी हो रही है, क्योंकि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण का वास्तविक उदाहरण है।
SIR पर कांग्रेस के आरोप निराधार : डिप्टी सीएम
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर निरर्थक और बेबुनियाद आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि “निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर प्रपत्र भर रहे हैं और मतदाता सूची का कार्य पूरी गंभीरता से हो रहा है।”
साव ने कहा कि “धोखा देने और जनता को ठगने वाले कांग्रेस नेता हर बात में कमी निकालते हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि सरकार पारदर्शी तरीके से कार्य कर रही है।”



