दंतेवाड़ा। जिले में हुई जेल ब्रेक की सनसनीखेज घटना के एक फरार आरोपी को पुलिस ने 7 महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को चितालंका के जंगल से घेराबंदी कर पकड़ा। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़े – रायपुर में छह आदतन अपराधी तीन माह के लिए जिला बदर, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का नाम महेंद्र दीवान है, जो वर्ष 2024 से चोरी के मामले में दंतेवाड़ा जिला जेल में सजा काट रहा था। 3 अप्रैल 2025 को उसने अपने एक साथी के साथ जेल की दीवार फांदकर फरार होने की कोशिश की थी। हालांकि उसका साथी भागने में नाकाम रहा, लेकिन महेंद्र पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। तब से पुलिस उसकी तलाश में थी।
तीन जिलों में की गई लगातार रेड
फरारी के दौरान आरोपी ने बस्तर, नारायणपुर और बीजापुर जिलों में पनाह ली थी। पुलिस को कई बार उसके इन जिलों में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद लगातार रेड की कार्रवाई की गई। हर बार पुलिस के पहुंचने से पहले वह ठिकाना बदलकर भाग निकलता रहा।
आखिरकार कुछ हफ्ते पहले पुलिस को सूचना मिली कि महेंद्र दीवान चितालंका के जंगल में छिपा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने चार टीमों का गठन कर घेराबंदी की, और उसे बिना किसी संघर्ष के गिरफ्तार कर लिया।
7.50 लाख रुपए चोरी के मामले में था सजा काट रहा
महेंद्र दीवान पर गीदम की एक कैंटीन से 7.50 लाख रुपए की चोरी का आरोप था, जिसके लिए उसे सजा मिली थी। इसी दौरान उसने जेल से भागने की योजना बनाई और अप्रैल में फरार हो गया था।
दंतेवाड़ा के एएसपी आर.के. बर्मन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दोबारा जेल भेज दिया गया है।



