जशपुर। जिले में इन दिनों हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांसाबेल वन परिक्षेत्र के केनाडांड़ गांव में 27 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इसी झुंड से बिछड़ा एक हाथी बुधवार सुबह रिहायशी इलाके में पहुंच गया और वहां तबाही मचा दी।
यह भी पढ़े :- वर्चुअलशादी का खौफनाक जाल: ब्लैकमेल कर नाबालिग से दुष्कर्म, फरार आरोपी दिलीप चौहान आखिरकार धराया!
ग्रामीणों के अनुसार, देरोठिया बाई (57 वर्ष) अपने घर के पीछे बाड़ी में हाथी को देखने पहुंची थीं, तभी हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 5 वर्षीय पोती आरवी पन्ना गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची का पैर टूट गया है। उसे पत्थलगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी। वन विभाग ने मृतका के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की है।
डीएफओ शशि कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हाथियों के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। आसपास के गांवों में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं और सतर्क रहें।



