अंबिकापुर। शादी का दबाव डालना 16 वर्षीय किशोरी के लिए मौत की वजह बन गया। प्रेमी ने उसे घुमाने के बहाने जंगल ले जाकर पत्थर से कुचल डाला और शव को गड्ढे में दफना दिया। चार महीने बाद उसी जगह से लड़की का कंकाल और बैग बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह दर्दनाक मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़े :- Gujrat Boiler Blast: भरूच की फार्मा कंपनी में बॉयलर फटा, 3 की मौत, 24 घायल; आसपास की फैक्ट्रियों को भी नुकसान
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका संगीता रजक (16) अंबिकापुर की रहने वाली थी। वह सूरजपुर जिले के रमकोला थाना क्षेत्र के पटपरिया इलाके में अपनी सहेलियों के साथ रहकर काम करती थी। 4 अगस्त को वह अपने किराए के कमरे से निकली और फिर वापस नहीं लौटी।
सहेलियों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद गांधीनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि संगीता का एक नाबालिग लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसने उसे घुमाने के बहाने जंगल बुलाया था।
जांच के दौरान आरोपी पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चिरगा जंगल में खुदाई कराई, जहां से लड़की का कंकाल और बैग बरामद हुआ। खुदाई के दौरान तहसीलदार, एसडीओपी, फॉरेंसिक टीम और डॉक्टर मौजूद थे।
मृतका की मां और सहेलियों ने बैग में मिले कपड़ों से पहचान की। पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए हड्डियों का सैंपल लिया है ताकि पहचान की अंतिम पुष्टि की जा सके।
थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि आरोपी ने कबूल किया — संगीता उस पर शादी का दबाव डाल रही थी, जबकि दोनों अलग जाति के थे। इससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
3 अगस्त को आरोपी बाइक से अंबिकापुर पहुंचा और संगीता को घूमाने के बहाने जंगल ले गया। वहां उसने पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी और शव को गड्ढे में दफनाकर ऊपर से पत्थर डाल दिए।



