कोरिया (छत्तीसगढ़)। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सड़क किनारे लावारिस हालत में एक नवजात शिशु का शव मिला, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रहवासी इलाके में चल रहा था रैकेट
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना ओडगी नाका क्षेत्र की है, जहां स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे नवजात का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां किसने छोड़ा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के गेट के पास भी एक नवजात बच्चे का शव मिलने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने समाज में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



