रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर नए शासकीय स्टेट हैंगर का उद्घाटन किया। मीडिया से बातचीत में सीएम साय ने अपने दौरे की विस्तृत जानकारी साझा की और नए हैंगर से विशेष विमान द्वारा अहमदाबाद के लिए प्रस्थान किया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना, 13 वर्षीय बच्ची ने अपने ही दो भाई-बहन की ली जान
सीएम साय ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए वे गुजरात जा रहे हैं। पहले दिन वे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दर्शन करेंगे और भारत पर्व 2025 में भाग लेंगे। दूसरे दिन इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में शिरकत कर छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को निवेशकों के सामने प्रस्तुत करेंगे तथा उनसे राज्य में निवेश के लिए व्यक्तिगत चर्चा करेंगे।
दौरे के दौरान सीएम साय गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात करेंगे। गांधीनगर के सीएम हाउस में इन्वेस्ट गुजरात कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां सीएम डैशबोर्ड और सीएम जनशिकायत सिस्टम का प्रेजेंटेशन देखेंगे। इसके अलावा NAMTECH ग्लोबल स्किल कॉलेज का दौरा करेंगे और साबरमती रिवरफ्रंट पर दोपहर का भोजन करेंगे।
गुजरात प्रवास में वे केवड़िया भी जाएंगे, जहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में भारत पर्व 2025 के बाद एकता प्रकाश पर्व में शामिल होंगे और केवड़िया में ही रात्रि विश्राम करेंगे। 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में भागीदारी के बाद मंगलवार रात को रायपुर वापस लौटेंगे। गौरतलब है कि हाल ही में सीएम साय ने जापान दौरे पर विदेशी निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया था।



