मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना क्षेत्र स्थित डीएवी डिग्री पीजी कॉलेज में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बीए सेकंड ईयर के छात्र उज्जवल राणा ने कॉलेज परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
यह भी पढ़े :- CG NEWS : जिला अस्पताल में नसबंदी के दौरान दो महिलाओं की मौत, दवाओं के रिएक्शन की आशंका
आग की लपटों में घिरे छात्र को मौके पर मौजूद छात्रों ने किसी तरह बचाया और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति नाजुक बताते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
फीस न भर पाने से था तनाव में छात्र
जानकारी के अनुसार, उज्जवल राणा बीए तृतीय सेमेस्टर का छात्र है। उसकी कुल 7,000 रुपये फीस थी, जिसमें से उसने केवल 1,750 रुपये ही जमा किए थे। बाकी 5,250 रुपये जमा करने के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से बार-बार दबाव बनाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
कैंपस में हंगामा, छात्रों का धरना
घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज गेट के बाहर जुट गए और जांच की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को शांत कराया।
प्राचार्य ने लगाए गए आरोपों को किया खारिज
कॉलेज के प्राचार्य प्रदीप कुमार ने छात्र के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि फीस जमा करने की प्रक्रिया नियमों के अनुसार चलती है और किसी भी छात्र के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया गया है।
आत्मदाह से पहले डाला था वीडियो
घटना से एक दिन पहले उज्जवल राणा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने प्राचार्य और कुछ शिक्षकों पर उत्पीड़न व दबाव बनाने के आरोप लगाए थे। वीडियो में छात्र ने कहा था कि प्राचार्य ने उसकी पिटाई की और पुलिस बुलाकर धमकाने की कोशिश की। उसने यह भी आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय जा रहा था, तो एक शिक्षक ने उसका आवेदन पत्र छीनकर वापस प्राचार्य को सौंप दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ बुढाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि छात्र ने फीस विवाद के चलते आत्मदाह का प्रयास किया है। उसे गंभीर अवस्था में मेरठ भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी लोग छात्र को आत्महत्या के लिए उकसाने के दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



