दुर्ग। जिले के हथखोज गांव में एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना 7 नवंबर की है। बताया जा रहा है कि बच्चा उस दिन घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह उसका शव गांव के तालाब से बरामद हुआ।
कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान की प्रक्रिया पीएससी-यूपीएससी से भी अधिक जटिल हो गई : भाजपा
मृतक की पहचान दीपक सतपति (13 वर्ष) पिता प्रणय सतपति, निवासी औद्योगिक क्षेत्र हथखोज के रूप में हुई है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, दीपक के स्कूल टीचर ने होमवर्क पूरा न करने पर उसके माता-पिता को बुलाने के लिए कहा था। इसी बात से डरकर दीपक ने यह बात घर पर नहीं बताई और अगले दिन स्कूल जाने के बजाय तालाब की ओर निकल गया। वहां नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
परिजनों ने बताया कि दीपक को तैरना नहीं आता था। वे यह मानकर चल रहे थे कि वह स्कूल गया है, लेकिन शाम तक लौटकर न आने पर उन्होंने खोजबीन शुरू की। बाद में तालाब से उसका शव बरामद हुआ।
दीपक के पिता सिस्कोल कंपनी में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।



