रायपुर। राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित आउटडोर स्टेडियम में आज से दो दिवसीय नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग प्रतियोगिता की शुरुआत हो रही है। इस आयोजन का संचालन छत्तीसगढ़ मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देशभर से करीब 115 प्रोफेशनल राइडर्स हिस्सा लेंगे।
छत्तीसगढ़ के चयनित 50 बेस्ट राइडर्स को भी इस स्पर्धा में प्रदर्शन का मौका मिलेगा। इस प्रतियोगिता की थीम है —
“सेफ रेसिंग, सेफ राइडिंग, सेफ ड्राइविंग।”
तैयार हुआ स्पेशल जंपिंग ट्रैक
जानकारी के अनुसार, आउटडोर स्टेडियम के पूरे ग्राउंड को समतल कर राइडर्स के लिए जंपिंग ट्रैक तैयार किया गया है, जिसकी ऊंचाई 3 से 5 फीट तक है। ट्रैक पर राइडर्स को स्पीड नियंत्रित करते हुए कई बाधाओं का सामना करना होगा, जिसके लिए विशेष तैयारी की गई है।
वहीं फ्री स्टाइल मोटोक्रॉस के लिए 13 फीट ऊंचा हर्डल ट्रैक भी बनाया गया है।
बच्चों से लेकर प्रो राइडर्स तक होंगे शामिल
इस रेसिंग में 10 साल से कम उम्र के बच्चे भी प्रदर्शन करेंगे। उन्हें सुरक्षा जांच और एसोसिएशन की अनुमति के बाद ही भाग लेने की अनुमति दी जाएगी।
देश की सबसे कम उम्र की राइडर ऐलिना मंसूर, जिन्होंने 9 वर्ष की आयु में नेशनल प्रतियोगिता में भाग लिया था (वर्तमान में 14 वर्ष की हैं), भी रायपुर में इस रेसिंग में हिस्सा लेंगी।
यामाहा, टीवीएस और होण्डा की टीम भी पहुंचेगी
नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए यामाहा, टीवीएस और होण्डा जैसी प्रमुख कंपनियों के राइडर्स भी शामिल होंगे। ये टीमें शनिवार सुबह रायपुर पहुंचेंगी।
इस आयोजन को लेकर एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल ने बताया कि प्रतियोगिता को नेशनल सुपरक्रॉस नियमों के तहत आयोजित किया जा रहा है और इसमें सुरक्षा के सभी मानक तय किए गए हैं।



