गौरेला-पेंड्रा-मारवाही। जिले के शांत इलाके में 10 वर्षीय बच्चे की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रात में बच्चे को लेकर निकला आरोपी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अर्जुन (25) मूलतः कोरबा के पसान ब्लॉक का निवासी है और मजदूरी करता है। 1 नवंबर की रात वह शराब के नशे में अपने मामा के घर पहुंचा। देर रात परिवार के सो जाने के बाद वह मामा के 10 वर्षीय बेटे को साथ लेकर बाहर टहलने निकला।
विवाद के बाद हत्या
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई की और उसके अचेत हो जाने पर वारदात को अंजाम दिया। बाद में उसने गला घोंटकर बच्चे की हत्या कर दी।
आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश
वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को पास ही एक निर्माणाधीन मकान में साड़ी से फंदा लगाकर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे। अगले दिन सुबह शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
पोस्टमॉर्टम में खुलासा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें स्पष्ट हो गया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। बच्चे के शरीर पर चोटों के निशान और अन्य साक्ष्य घटना की गंभीरता दर्शा रहे थे।
तकनीकी जांच में फंसा आरोपी
पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ और मोबाइल डेटा की जांच की। संदेह गहराने पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मोबाइल से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त किया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
DSP दीपक मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि जांच अभी जारी है।
क्षेत्र में आक्रोश
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच का आश्वासन दिया है।



