बस्तर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने सुकमा जिले के तोंगपाल तहसील स्थित गायत्री मंदिर परिसर के समीप सांसद निधि से 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर सामाजिक एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने मां गायत्री और भगवान शिव के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि यह सामाजिक एवं सांस्कृतिक भवन ग्रामवासियों के सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन न केवल लोगों को एकजुट करेगा बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को सहेजने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य बैदन नाग, जनपद सदस्य रघु मुचाकी, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरि मंडावी, महामंत्री सोमारु नाग, ग्राम सरपंच, ग्रामवासी और गायत्री परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



