Tomar Brothers Case : सूदखोरी, रंगदारी और अवैध हथियार रखने के आरोप में फरार चल रहा हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी सिंह तोमर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रायपुर पुलिस ने उसे मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र तोमर पिछले 151 दिनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सड़क मार्ग से रायपुर ला रही है।
वहीं आरोपी का भाई रोहित तोमर अब भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारी रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी का आधिकारिक खुलासा करेंगे।
पांच हजार का इनाम घोषित था
दोनों फरार भाइयों की गिरफ्तारी पर एसएसपी डा. लाल उम्मेद सिंह ने पहले ही पांच-पांच हजार इनाम की घोषणा की थी। लंबे समय तक पुलिस को चकमा देने के बाद आखिरकार वीरेंद्र पुलिस के शिकंजे में आ गया।
रिश्तेदार के घर से हुई गिरफ्तारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र तोमर को पुलिस ने ग्वालियर में उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान वह उत्तरप्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में छिपता रहा था। हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उसे गिरफ्तारी का भय सताने लगा, जिसके चलते वह ग्वालियर भाग गया था।



