रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर नया विवाद सामने आया है। पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह ने पार्टी की सह प्रभारी जरिता लैतफलांग के नाम पर पैसों की मांग किए जाने का आरोप लगाया है।

बृहस्पत सिंह द्वारा जारी वीडियो बयान में कहा गया है कि सरगुजा संभाग में जिला अध्यक्ष पद दिलाने के नाम पर दावेदारों से फोन पर रकम मांगी जा रही है। उनका कहना है कि कई नेताओं को अनजान नंबरों से कॉल आ रहे हैं, जिनमें यह कहा जा रहा है कि “जरिता मैडम से बात हो गई है, पैसा भेज दीजिए।”
पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि जरिता लैतफलांग के नाम का उपयोग कर अवैध वसूली की जा रही है, जिससे पार्टी की साख प्रभावित हो रही है। उन्होंने मामले को प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के संज्ञान में लाने की बात कही है, ताकि जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।
प्रदेश कांग्रेस इन दिनों विभिन्न जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया में है। ऐसे समय में यह वीडियो सामने आने के बाद संगठन में हलचल बढ़ गई है।



