बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर एवं जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी के मार्गदर्शन में जिले में चल रहे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर बारीकी से निगरानी रखने के लिए ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से विलोपित न हो, इसके लिए पार्टी के ब्लॉक प्रभारी अपनी टीम के साथ सक्रिय रहेंगे। ये प्रभारी संबंधित ब्लॉक अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को बीएलए के रूप में नियुक्त कर बीएलओ के साथ मिलकर मतदाता सूची में नाम जोड़वाने का कार्य करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त ब्लॉक प्रभारी इस प्रकार हैं
- बालोद शहरी व ग्रामीण: भोला देशमुख,
- गुरुर: केके राजू चंद्राकर,
- गुंडरदेही: केदार देवांगन,
- अर्जुंदा: कृष्णा दुबे,
- देवरी: रवि जायसवाल,
- दल्ली राजहरा: रतिराम कोसमा,
- डौंडी: शंभू साहू,
- डौंडी लोहारा: यज्ञदेव पटेल।
प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे शीघ्र ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठक लेकर कार्यकर्ताओं को बूथवार जिम्मेदारी सौंपें और पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही, कार्यक्रम संपन्न होने तक कार्य प्रगति की नियमित रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी को भेजें।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रतिराम कोसमा ने एक विज्ञप्ति में बताया कि 4 नवंबर से शुरू हुए गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में दल्ली राजहरा क्षेत्र में अब तक कोई विशेष प्रगति नहीं हुई है। किसी भी बूथ स्तर पर बीएलओ द्वारा पुनरीक्षण प्रपत्र नहीं पहुंचाए गए हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि “सरकार कहीं मतदाता सूची में गड़बड़ी की योजना तो नहीं बना रही है।” इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहकर विशेष रूप से अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं के नामों को साजिशन काटे जाने से रोकने की जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है।



