छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में माओवादी नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई की। एनआईए की टीमों ने सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में एक साथ 12 ठिकानों पर छापेमारी कर कई अहम सबूत जब्त किए।
यह कार्रवाई 26 अप्रैल 2023 को दंतेवाड़ा के अरनपुर इलाके में हुए भीषण IED ब्लास्ट से जुड़ी है, जिसमें जिला बल के 10 जवान और एक ड्राइवर शहीद हो गए थे। यह हमला माओवादी संगठन की दरभा डिवीजन कमेटी ने अंजाम दिया था।
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए की तलाशी अभियान सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चला। एजेंसी ने बताया कि छापे संदिग्धों और आरोपियों के ठिकानों पर मारे गए, जो प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के सशस्त्र कैडरों से जुड़े हैं।
कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने नकदी, हस्तलिखित दस्तावेज़, लेवी वसूली की रसीद बुकें और डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। इन सामग्रियों से माओवादी फंडिंग नेटवर्क और स्थानीय सहयोगियों की भूमिका के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।



