रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 में इस बार पुलिस पंडाल सबसे ज्यादा चर्चा में रहा — वजह थी यहां लगी 20 फीट लंबी “जनता की बात – आपकी पुलिस के साथ” वॉल। इस वॉल पर जनता ने न सिर्फ अपनी भावनाएं उकेरीं, बल्कि सरकार और सिस्टम को सीधा, सटीक और जोरदार संदेश भी दिया।
कुछ ही घंटों में यह वॉल 2000 से ज्यादा संदेशों से भर गई। किसी ने बिजली बिल पर सवाल उठाए, किसी ने नशे पर रोक लगाने की मांग की, तो किसी ने भ्रष्टाचार और वीआईपी कल्चर के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
जनता के तेवर साफ – “अब सुनो हमारी बात”
लोगों ने वॉल पर लिखा बिजली बिल आधा करो,VIP कल्चर खत्म करो,नो टू करप्शन,चाकूबाजी पर लगाम लगाओ,नशे से युवा पीढ़ी को बचाओ युवाओं ने परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की, वहीं कई लोगों ने शराबबंदी पर जोरदार संदेश छोड़ा। “शराब बिक्री बंद करो” जैसे नारे कई बार इस वॉल पर दोहराए गए।
पुलिस की पहल बनी जनता की आवाज़
पुलिस विभाग की यह पहल राज्योत्सव का सबसे इंटरएक्टिव आकर्षण बन गई। “जनता की बात–आपकी पुलिस के साथ” अभियान ने यह दिखा दिया कि लोग अब भागीदारी और पारदर्शिता चाहते हैं।
वॉल पर ऐसे भी संदेश लिखे गए पुलिस हमारे मित्र हैं। कानून व्यवस्था में जनता की भागीदारी जरूरी है।” हेलमेट चेकिंग अवैध न हो, जनजागरूकता बढ़े। पढ़ाई के साथ संविधान भी पढ़ो।”
अफसरों ने पढ़े जनता के संदेश
राज्योत्सव में पहुंचे रायपुर रेंज के पुलिस अधिकारी खुद जनता के बीच पहुंचे और एक-एक संदेश पढ़े। अफसरों ने कहा कि सभी मैसेज का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी, ताकि पुलिस और प्रशासन जन अपेक्षाओं पर और बेहतर काम कर सकें।
सेल्फी विद पुलिस और साइबर स्टॉल बने आकर्षण
“सेल्फी विद पुलिस”, बैंड परेड और साइबर जागरूकता स्टॉल ने भी लोगों का ध्यान खींचा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग — हर कोई “जनता वॉल” पर कुछ न कुछ लिखकर अपनी बात कहने को उत्साहित दिखा।
पुलिस पंडाल बना जनता का मंच
राज्योत्सव 2025 में पुलिस पंडाल सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ का मंच बन गया — जहां लोगों ने बेझिझक अपनी बात रखी और सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि वे चाहते हैं सुरक्षित, भ्रष्टाचार-मुक्त और जवाबदेह छत्तीसगढ़।



