गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद–धमतरी–नुआपाड़ा डिवीजन में सक्रिय उदंती एरिया कमेटी के 7 नक्सली आत्मसमर्पण के लिए जंगल से निकल चुके हैं। इनमें एरिया कमांडर सुनील और सचिव एरिना शामिल हैं — दोनों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इनके अलावा दो 5-5 लाख और एक 1 लाख रुपये के इनामी नक्सली भी हैं। कुल मिलाकर सभी पर 37 लाख रुपये का इनाम घोषित है।
सूत्रों के अनुसार, सभी नक्सली लंबे समय से गरियाबंद, धमतरी और नुआपाड़ा जिलों की सीमा पर सक्रिय थे और कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रह चुके हैं। आत्मसमर्पण की इच्छा जताने के बाद नक्सलियों ने एक मध्यस्थ टीम के माध्यम से गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा से संपर्क किया।
एसपी ने सभी को सुरक्षित आत्मसमर्पण और पुनर्वास योजना के तहत सहायता का भरोसा दिलाया। इसके बाद टीम ने जंगल में पहुंचकर नक्सलियों को मुख्य मार्ग तक सुरक्षित निकाला, जहां पुलिस की टीम पहले से मौजूद थी।
नक्सलियों के पास से 1 एसएलआर, 3 इंसास राइफल और एक सिंगल शॉट बंदूक बरामद की गई है। सभी नक्सली आज औपचारिक रूप से एसपी कार्यालय में आत्मसमर्पण करेंगे।



