पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। कुल 121 विधानसभा सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 18 जिलों की अहम सीटें शामिल हैं, जहां प्रदेश के दिग्गज नेता अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं।
पहले चरण की सबसे चर्चित सीटों में राघोपुर, मोकामा, तारापुर, महुआ और अलीनगर शामिल हैं।
राघोपुर सीट पर इस बार बड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के सामने बीजेपी के सतीश कुमार यादव मैदान में हैं। यहां पारंपरिक वोट बैंक और जातीय समीकरण दोनों ही अहम भूमिका निभा रहे हैं।
मोकामा सीट भी चर्चा में है। दुलारचंद यादव की हत्या के बाद यह सीट सुर्खियों में आई। यहां पूर्व विधायक अनंत सिंह और आरजेडी प्रत्याशी वीणा देवी के बीच कांटे की टक्कर है।
तारापुर सीट पर मुकाबला खासा दिलचस्प है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी यहां से मैदान में हैं, जबकि आरजेडी के अरुण कुमार उन्हें चुनौती दे रहे हैं। यह सीट हमेशा से राजनीतिक रूप से अहम मानी जाती रही है।
महुआ सीट पर भी सियासी जंग तेज है। यहां तेज प्रताप यादव, आरजेडी के मुकेश कुमार रोशन और लोजपा के संजय सिंह के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। तेज प्रताप इस सीट पर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं।
अलीनगर सीट पर बीजेपी ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को टिकट दिया है। उनका सामना आरजेडी के विनोद मिश्रा से है। यह सीट इसलिए सुर्खियों में है क्योंकि यहां युवा और नए चेहरे राजनीति में कदम रख रहे हैं।
पहले चरण में 3.75 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें पुरुष, महिलाएं और थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। मतदान के लिए 45,341 बूथ बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।



